करीना कपूर खान जल्द ही ओटीटी डेब्यू करने वाली हैं। वह फिल्म जाने जान में नजर आएंगी। इस फिल्म का करीना खूब जोर-शोर से प्रमोशन कर रही हैं। इसी दौरान करीना ने बताया कि आखिर क्यों कपूर खानदान की महिलाएं फिल्मों मे काम नहीं करती थीं। इसके अलावा उन्होंने अपने पिता रणधीर कपूर की तारीफ की। उन्होंने बताया कि कैसे उनके पिता रणधीर हालांकि काफी कूल थे और कैसे उन्होंने अपनी दोनों बेटियों को उनके एक्ट्रेस बनने के सपने को पूरा करने में उन्हें पूरा सपोर्ट किया।
कपूर खानदान की महिलाएं नहीं करती थीं काम
द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए करीना ने कपूर खानदान की महिलाओं के काम ना करने पर कहा, ‘वो समय काफी अलग था। 1970 के दौरान चीजें काफी अलग थीं क्योंकि समय काफी अलग था। तो जब उन्होंने शादी की इसके बाद काम नहीं किया, लेकिन मैं खुश हूं कि मेरे पिता ने खुद को समय के साथ बदला। आपको अपने बच्चों के लिए बदलना होता है। यह बहुत जरूरी है कि पुराने समय से बाहर आएं।’
करिश्मा को किया सपोर्ट
करिश्मा को फिल्मों में सपोर्ट करने पर करीना ने कहा, ‘करिश्मा के लिए काफी मुश्किल था कपूर खानदान की महिला होकर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखना। वह पहली महिला थीं जिन्होंने एक्टिंग शुरू की और यह सब इसलिए क्योंकि पापा सपोर्टिव थे। मेरे पापा काफी ओपन माइंडेड हैं और वह हमारे दोस्त जैसे हैं और हमेशा हमें गाइड करते हैं।’
पिता की तारीफ
करीना ने आगे कहा, ‘आज भी जब मेरे पापा कभी कॉल करते हैं और उन्हें पता चलता है कि मैं शूटिंग कर रही हूं तो वह माफी मांगते हैं कि ओह सॉरी अपने काम पर फोकस करो। वह काफी अच्छे हैं। करीना का कहना है कि उनके पिता अपने समय के हिसाब से काफी अलग थे। वह आज भी उन्हें कई चीजें सिखाते हैं।’
कपूर खानदान की बेटियां बनीं एक्ट्रेस
बता दें कि करिश्मा कपूर से पहले कपूर खानदान की किसी बेटी ने फिल्मों में काम नहीं किया। वहीं जो भी एक्ट्रेस कपूर खानदान की बहू बनीं तो उन्होंने शादी के बाद एक्टिंग छोड़ दी थी। तो जब करिश्मा एक्ट्रेस बनीं तो ये काफी बड़ी बात थी। करिश्मा के बाद फिर करीना ने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। दोनों ही एक्ट्रेस इस इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में से एक हैं। करिश्मा फिलहाल लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं वहीं करीना एक के बाद एक जबरदस्त प्रोजेक्ट्स में काम कर रही हैं। अब करीना फिल्म जाने जान में नजर आएंगी जो नेटफ्ल्किस पर 21 सितंबर को रिलीज होगी।
