नई दिल्ली.क्रेडिट सुइस के कानूनी विवाद में प्राइवेट सेक्टर की एयरलाइन स्पाइसजेट की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइसजेट चेयरमैन अजय सिंह को क्रेडिट सुइस का बकाया चुकाने के लिए अगले छह महीनों तक का वक्त दिया है। कोर्ट ने अजय सिंह को हर महीने 1 मिलियन डॉलर का भुगतान करने को कहा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 20 अक्टूबर को होगी और इस तारीख पर भी अजय सिंह को अदालत में उपस्थित रहना होगा।
कोर्ट ने दिखाई थी सख्ती: बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने स्पाइसजेट के चेयरमैन को क्रेडिट सुइस के बकाया भुगतान करने या परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने अजय सिंह को 22 सितंबर तक क्रेडिट सुइस को एक किश्त के रूप में 5,00,000 डॉलर का भुगतान करने के साथ-साथ डिफॉल्ट रकम के लिए 1 मिलियन डॉलर का भुगतान करने को कहा था। कोर्ट ने ये भी कहा था कि अगर भुगतान नहीं करते तो अगली तारीख पर आपको यानी चेयरमैन अजय सिंह को तिहाड़ जेल भेज दिया जाएगा।
