रायपुर। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन कबीरधाम जिले के गांव तालपुर से आई आठ साल की कक्षा दूसरी की छात्रा स्नेहा पटेल ने दो घंटा 20 मिनट तक फुगड़ी खेलकर सबको अचंभित कर दिया। स्नेहा के नन्हें कदम फुगड़ी खेलते हुए जब दो घंटे के बाद भी नहीं रूके तो लोग उसकी प्रतिभा के कायल हो गए। प्रतियोगिता में 18 से कम आयु की महिला वर्ग में स्नेहा ने अपने से बड़े उम्र के प्रतिभागियों को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया। पिता भीखम पटेल ने बताया कि स्नेहा ने बच्चों के बीच फुगड़ी खेलना सीखा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय तीन दिवसीय छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का मंगलवार को समापन हुआ। प्रदेश में पहली बार छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन किया गया था। छत्तीसगढ़ के गांवों में खेले जाने वाले 14 विभिन्न् खेलों को इस प्रतियोगिता में शामिल किया गया था। प्रतियोगिता ब्लाक, जिला व प्रदेश स्तर पर आयोजित की गई। पहली बार प्रदेश के पारंपरिक खेलों के खिलाड़ियों को अपना जौहर दिखाने के लिए मंच मिला।
