

इजरायल और हमास के बीच छिड़ी जंग के बीच सोमवार को अडानी समूह की कंपनी अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड (Adani ports share) ने हाइफा पोर्ट की सुरक्षा को लेकर बयान जारी किया। इस बयान के बाद मंगलवार को अडानी पोर्ट्स के शेयर 4% तक चढ़ गए और भाव 823.65 रुपये पर पहुंच गया। वहीं, अडानी पोर्ट्स के शेयर 819.20 रुपये पर बंद हुए। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर में 3.71% की तेजी दर्ज की गई। अडानी पोर्ट्स के शेयर को लेकर एक्सपर्ट भी बुलिश नजर आ रहे हैं।
1000 रुपये के पार जाएगा भाव
घरेलू ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज ने अडानी पोर्ट्स एंड एसईजेड लिमिटेड के शेयर पर ‘खरीदें’ रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने इस शेयर के लिए टारगेट प्राइस 1,010 रुपये रखा है। यह वर्तमान कीमत से 28 प्रतिशत वृद्धि को दिखाता है। घरेलू ब्रोकरेज ने कहा कि गौतम अडानी की अगुवाई वाली इस कंपनी का फोकस लॉजिस्टिक्स पर है। कार्गो हैंडलिंग में 24 प्रतिशत से अधिक बाजार हिस्सेदारी के साथ अडानी पोर्ट्स भारत का सबसे बड़ा निजी पोर्ट ऑपरेटर है।
ब्रोकरेज ने कहा कि अडानी पोर्ट्स के देश भर में 14 पोर्ट हैं। इस कंपनी को बेहतर पहुंच, परिचालन क्षमता आदि की वजह से मजबूती मिली है। मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि अडानी पोर्ट्स का राजस्व वित्त वर्ष 2023-25 के दौरान सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की दर से बढ़ेगा।
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म सीएलएसए ने भी शेयर पर तेजी को बरकरार रखा है। इसमें कहा गया है कि युद्ध की आशंकाएं और भी बेहतर मौके देती हैं। सीएलएसए ने 878 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ शेयर पर ‘खरीद’ की रेटिंग दी है। यह मौजूदा बाजार स्तर से 8% की बढ़ोतरी को दिखाता है। ब्रोकरेज ने कहा कि अडानी पोर्ट्स के कार्गो हैंडलिंग में हाइफा पोर्ट का योगदान 3% है। वैश्विक ब्रोकरेज ने कहा कि पोर्ट एक लाभ कमाने वाला क्षेत्र है जो थोक और कंटेनरों पर केंद्रित है।
