रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आइएएस, कारोबारियों और कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर कार्रवाई के बाद एक बार फिर सियासत शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ईडी और आयकर विभाग के छापे को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र के पास ईडी और आईटी जैसी एजेंसी ही हथियार है। भाजपा यहां लड़ नहीं पा रही है, इसलिए केंद्रीय एजेंसी का इस्तेमाल कर रही है। बीजेपी का काम सरकार को अस्थिर करना है। सीएम बघेल ने कहा, भाजपा छत्तीसगढ़ में लड़ नहीं पा रही है, और लगातार पदाधिकारी बदले जा रहे हैं। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत कोरबा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री बघेल ने रायपुर हेलीपैड में पत्रकारों से चर्चा में यह बातें कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा, मैंने पहले ही कहा था कि चुनाव तक ईडी की टीम यहां रहेगी। जहां-जहां चुनाव होते हैं, वहां-वहां ईडी के छापे पड़ते हैं। यहां सरकार को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों और कर्मचारियों को डराने का काम किया जा रहा है।
