रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा शुक्रवार को राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों, कुछ व्यवसायी और सत्ताधारी दल के नेता के ठिकानों पर छापे की खबर है। उच्च पदस्थ सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने आज सुबह राज्य के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग जिले में छापे की कार्रवाई शुरू की। ईडी ने जिन लोगों के ठिकानों पर छापे की कार्रवाई की है उनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक अधिकारी, व्यवसायी और सत्ताधारी दल के नेता शामिल हैं। राज्य में छापे के संबंध में ईडी के किसी अधिकारी ने अभी तक पुष्टि नहीं की है। छत्तीसगढ़ में पिछले वर्ष अक्टूबर माह से ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है। अक्टूबर माह में ईडी ने छापे के बाद आईएएस अधिकारी समीर विश्नोई, कोयला व्यापारी सूर्यकांत तिवारी के चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी और एक अन्य व्यवसायी सुनील अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। बाद में सूर्यकांत को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दिसंबर माह में ईडी ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यालय में पदस्थ उप सचिव सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया था। ईडी ने आयकर विभाग की एक शिकायत का संज्ञान लेने के बाद धन शोधन के आरोपों की जांच शुरू की थी। ईडी ने एक बयान में दावा किया था कि छत्तीसगढ़ में कोयले की ढुलाई में ‘भारी घोटाला’ हो रहा है, जिसके तहत राज्य में कोयला परिवहन पर 25 रुपये प्रति टन की अवैध उगाही की जा रही है। इसमें नौकरशाह, व्यापारी, राजनेता और बिचौलिए शामिल हैं।
