फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस प्रोवाइडर WeWork दिवालिया हो रही है। कभी वॉल स्ट्रीट की बड़ी कंपनियों में शुमार रही वीवर्क ने अमेरिका में दिवाला संरक्षण के लिए आवेदन किया। वीवर्क ने दिवाला संरक्षण के चैप्टर 11 के तहत यह आवेदन किया है। कभी इस कंपनी का बाजार मूल्यांकन 50 अरब डॉलर के करीब था। बता दें कि अमेरिकी मार्केट में वीवर्क के शेयरों की ट्रेडिंग बंद है। हालांकि, कंपनी ने पुनर्गठन के ब्योरे का अधिक खुलासा नहीं किया है। कंपनी ने दिवाला आवेदन में कहा है कि वह कुछ ऐसे गंतव्यों पर लीज को रद्द करना चाहती है, जो इसके लिए अब परिचालन महत्व के नहीं रह गए हैं। कंपनी ने सोमवार को कहा कि सभी प्रभावित सदस्यों को इसके बारे में अग्रिम नोटिस भेज दिया गया है।
कंपनी ने क्या कहा
न्यूयॉर्क एक्सचेंज में सूचीबद्ध वीवर्क ने कहा है कि अमेरिका और कनाडा के बाहर स्थित उसके केंद्र इस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं होंगे। सॉफ्टबैंक समर्थित वीवर्क इंक का बाजार मूल्यांकन कभी 47 अरब डॉलर था। चालू साल की पहली छमाही में कंपनी को 69.6 करोड़ डॉलर का शुद्ध घाटा हुआ है। वीवर्क इंडिया का स्वामित्व बेंगलुरु की रियल एस्टेट कंपनी एम्बैसी ग्रुप के पास है। उसने कहा है कि वैश्विक स्तर पर घटनाक्रम का भारतीय कारोबार पर असर नहीं पड़ेगा। वीवर्क ने दिवाला आवेदन में कहा है कि वह कुछ ऐसे गंतव्यों पर लीज को रद्द करना चाहती है, जो इसके लिए अब परिचालन महत्व के नहीं रह गए हैं।
