नई दिल्ली. वीएसटी इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में आज 20 प्रतिशत का अपर सर्किट लगा है। इस तेजी के बाद कंपनी के शेयरों का भाव 4060 रुपये के लेवल पर पहुंच गया। कंपनी के शेयरों में आई इस तेजी के पीछे की वजह ब्लॉक डील के जरिए 4 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की खबर है।
6 लाख शेयरों की हुई बिक्री
मंगलवार को वीएसटी इंडस्ट्रीज लिमिटेड के 6 लाख शेयरों की खरीद और बिक्री की गई है। जोकि सप्ताहिक खरीद और बिक्री के औसतन 5000 शेयरों से अधिक है। एक महीने में कंपनी के औसतन 16,000 शेयरों की खरीद और बिक्री की जाती है। आज हुई ब्लॉक डील दोनों से काफी अधिक है। हालांकि, अभी तक खरीदार का पता नहीं चल पाया है। बता दें, पिछले एक साल के दौरान कंपनी के शेयरों की कीमतों में 23 प्रतिशत की तेजी आई है।
VST की हिस्सेदारी के लिए ITC से था कॉम्पिटिशन
बता दें कि साल 2001 में राधाकिशन दमानी ने VST इंडस्ट्रीज में 88 रुपये के भाव पर 15 फीसदी हिस्सा खरीदा था। उन्होंने बाद में कंपनी की अतिरिक्त 20 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 112 रुपये प्रति शेयर ऑफर किया था। डील के वक्त यह कीमत शेयर के मार्केट प्राइस से 26 प्रतिशत प्रीमियम अधिक थी। बता दें कि VST के लिए ITC ने भी बोली लगाई थी। इस कंपनी ने शुरुआत में 115 रुपये प्रति शेयर पर पेशकश की और बाद में इसे बढ़ाकर 126 रुपये प्रति शेयर कर दिया। इसके बाद दमानी ने अपनी बोली की कीमत 151 रुपये प्रति शेयर कर दी।
