नई दिल्ली केएल राहुल ने इंडिया वर्सेस इंग्लैंड पहले टेस्ट के दौरान मैदान पर कदम रखते ही एमएस धोनी, रोहित शर्म और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली है। केएल राहुल का यह टेस्ट क्रिकेट में 50वां मैच है, वह सभी फॉर्मेट में 50 या उससे अधिक मुकाबले खेलने वाले भारत के 6ठें खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले ये कारनामा एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा के अलावा रविंद्र जडेजा और आर अश्विन कर चुके हैं।
भारत के लिए सभी फॉर्मेट में 50 या उससे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी-
एमएस धोनी
विराट कोहली
रोहित शर्मा
रविंद्र जडेजा
आर अश्विन
केएल राहुल
केएल राहुल ने अभी तक भारत के लिए 50 टेस्ट, 75 वनडे और 72 T20I मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने क्रमश: 2755, 2820 और 2265 रन बनाए हैं।
राहुल पिछले कुछ समय से भारतीय टीम का अभिन्न अंग रहे हैं। ऋषभ पंत के एक्सिडेंट में चोटिल होने के बाद इस खिलाड़ी ने तीनों फॉर्मेट में प्रमुख विकेट कीपर की भूमिका निभाई। हाल ही में हुई साउथ अफ्रीका टेस्ट सीरीज में वह विकेट के पीछे दस्तानों के साथ दिखे।
हालांकि टीम मैनेजमेंट ने उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ स्पेशलिस्ट बैट्समैन के रूप में चुना क्योंकि वह राहुल की फिटनेस के साथ कोई रिस्क नहीं लेना चाहते। केएस भरत को हैदराबाद टेस्ट में बतौर विकेट कीपर चुना गया है।
बात मुकाबले की करें तो, टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 121 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। क्रीज पर जो रूट के साथ जॉनी बेयरस्टो मौजूद हैं। भारत को यह तीन सफलताएं रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी ने दिलाई।
