भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कमल नाथ के हवाले से कहा कि मेरी उनसे बात हुई है। उन्होंने कहा कि जो बातें मीडिया में आ रही हैं, सब भ्रम है। मैं कांग्रेसी था, हूं और रहूंगा। लोकतंत्र में हार-जीत लगी रहती है। हर परिस्थिति में उन्होंने दृढ़ता के साथ कांग्रेस के विचार के साथ जीवन जिया है और आगे भी कांग्रेस के विचारों के साथ अंतिम सांस तक जीवन जीएंगे।
यह भावना उनकी है, जो उन्होंने मुझे यह कही है। पटवारी ने कहा कि कमल नाथ के विरुद्ध षडयंत्र चल रहा है। भारतीय जनता पार्टी मीडिया-इंटरनेट मीडिया का दुरुपयोग कर कुचक्र चला रही है। किसी व्यक्ति की इतने सालों की निष्ठा पर कैसे सवाल खड़े किए जाते हैं, यह उसका एक उदाहरण है। कमल नाथ के स्थान पर उनके (पटवारी) द्वारा खंडन किए जाने पर कहा कि समय आने पर वे भी सामने आएंगे।
