दमोह। तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होने से लोगों की जान जा रही है। ताजा मामला दमोह जिले का है जहां तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया जिससे तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। हादसे के बाद ट्रक सड़क के निकाने पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे शव को व्यवस्थित किया।
जानकारी के अनुसार जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के ताज की पुलिया के समीप हादसा हुआ है। ट्रक और दो बाइक में आमने सामने भिड़ंत हो गई और ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार के शव के चिथड़े उड़ गए। शरीर के कई अंग सड़क पर ही बिखरे थे। पुलिस मौके पर पहुंची राहत कार्य में जुट गई। समाचार के लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्ती नहीं हो पाई थी। पुलिस मृतकों की पहचान में जुटी है।
