प्रधानमंत्री ने किया 85 हजार करोड़ रूपये से अधिक की लगभग छह हजार रेल परियोजनाओं का लोकार्पण शिलान्यास
राज्यपाल श्री हरिचंदन और मुख्यमंत्री श्री साय की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ को ढ़ाई सौ करोड़ रूपये लागत की 43 रेल परियोजनाओं की सौगात भी मिली

रायपुर. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉफ्रेसिंग के जरिए देश वासियों के लिए 85 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक लागत की लगभग छह हजार छोटी-बड़ी रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। रेलवे के बुनियादी ढांचा विकास की इन परियोजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए। रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफ़ार्म एक पर हुए कार्यक्रम में लगभग 670 से अधिक रेलवे स्टेशनों और अन्य स्थानों से भी वीडियो कॉफ्रेसिंग द्वारा लोग शामिल हुए।

राज्यपाल श्री हरिचंदन और मुख्यमंत्री श्री साय ने स्थानीय कार्यक्रम में रायपुर मण्डल की रेल विकास परियोजनाओं के शिलालेखों से पर्दा हटाकर औपचारिक अनावरण किया। इस अवसर पर सांसद श्री सुनील सोनी, मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, श्री मोतीलाल साहू श्री राजेश मूणत और ज़िला तथा रेल प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहें। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वीडियो कॉफ्रेसिंग के जरिए अहमदाबाद कमांड सेंटर से हरी झंडी दिखाकर 10 नई वंदे भारत रेल गाड़ियों को भी रवाना किया।

छत्तीसगढ़ में लगभग 250 करोड़ रूपये की 43 रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास- आज के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में भी लगभग 250 करोड़ रूपये की 43 रेल परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने राज्यपाल श्री विष्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में 124 करोड़ रूपये की लागत वाली 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 125 करोड़ रूपये की लागत वाली 3 परियोजनाओं की आधार शिला रखी। छत्तीसगढ़ में वन स्टेशन, वन प्रोडक्ट योजना के तहत रायपुर रेल मण्डल के रायपुर, मांढर, मंदिर हसौद, तिल्दा-नेवरा, सरोना और उरकुरा रेलवे स्टेशनों सहित राज्य के 18 स्टेशनों पर 34 स्टॉलों का लोकार्पण किया गया। जांजगीर-नैला और पेण्ड्रा रेलवे स्टेशनों पर जन औषधि केन्द्र, दुर्ग कोचिंग डिपो में पीटलाईन का उन्नयन, बिलासपुर में रेल कोच रेस्टोरेंट का लोकार्पण भी प्रधानमंत्री ने किया। श्री मोदी ने बिलासपुर में वन्दे भारत मेंटनेंस डिपो, भिलाई में मेमू कार शैड विस्तार, अंबिकापुर मे नई पीटलाईन निर्माण का शिलान्यास भी किया।
