भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ के बयान का जगह-जगह विरोध किया जा रहा है। एमपी को मदिरा प्रदेश कहे जाने वाले बयान से भाजपा में काफी नाराजगी है। इसी के चलते प्रदेश भर में विरोध करते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। कई जिलों में भाजपाइयों ने पूर्व सीएम का पुतला भी फूंका है।
बयानों से बाज आए नहीं तो उग्र आंदोलन करेंगे
बीडी शर्मा, दमोह। जिले के भाजपाइयों ने जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में अस्पताल चौराहा पर कांग्रेस नेता कमलनाथ का पुतला जलाया। साथ ही नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों का आरोप है कि कमलनाथ ने प्रदेश को मदिरा प्रदेश कहां है। जिसका वह विरोध करते हैं और चेतावनी देते हैं कि इस प्रकार के बयानों से बाज आए, वरना भाजपाई उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कमलनाथ प्रदेश की जनता से माफी मांगे
शंकर राय, बैतूल। शिवराज सरकार की आबकारी नीति पर कमलनाथ ने मध्य प्रदेश को मदिरा प्रदेश की संज्ञा दी। जिसका जबरदस्त विरोध शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विरोध के बाद बैतूल के भैंसदेही में भाजपा जिला महामंत्री राहुल चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सोलंकी के नेतृत्व में समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने कमलनाथ से प्रदेश की जनता से माफी मांगने की मांग की है।
विधायक बोले- सठिया गए है कमलनाथ
प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन में भी विकास यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने दानीगेट चौराहे पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का पुतला जलाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की। पूर्व मंत्री और विधायक पारस जैन ने कहा कि कमलनाथ बौखला गए है। भगवान उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करें। वह 60 वर्ष के हो गए है और सठिया गए है।
साढ़े आठ करोड़ की जनता का अपमान- भाजयुमो जिला अध्यक्ष
कपिल शर्मा, हरदा। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने स्थानीय परशुराम चौक पर कमलनाथ का पुतला दहन किया। भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विजय जेवल्या ने कहा कि कमलनाथ ने बहुत ही निंदनीय और कड़ा बयान दिया है। जिसमें हमारे खुशवाली, हरियाली समृद्धि के प्रतिक मध्यप्रदेश को मदिरा का प्रदेश बताया है, जो बड़ा ही निंदनीय है। इतने बुजुर्ग और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने बयान देकर मध्य प्रदेश की जनता के साथ खिलवाड़ किया है। प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता का अपमान किया है। जिसे लेकर आज भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा परिवार ने कमलनाथ का पुतला दहन किया है।
बता दें कि नई शराब नीति को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि शिवराज सरकार की आबकारी नीति ने मध्य प्रदेश को पूरे विश्व में मदिरा प्रदेश के नाम से फेमस कर दिया है। इसी बयान को लेकर अब भारतीय जनता पार्टी मुखर हो गई है और पूरे प्रदेश में कमलनाथ का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
