मुंबई. भारतीय शेयर बाजार में आज शुक्रवार (24 फरवरी 23) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 150 अंक से ज्यादा गिरकर 59,450 के करीब कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी करीब 50 अंक टूटकर 17,460 के करीब ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 में गिरावट और 13 में तेजी है। बाजार की गिरावट में बैंकिंग, ऑटो और IT स्टॉक्स सबसे आगे हैं।
अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 4% टूटा
अडाणी ग्रुप के 10 शेयरों में से 9 में गिरावट है। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर करीब 7% नीचे कारोबार कर रहा है। अडाणी पोर्ट भी करीब 1% गिरा है। अडाणी पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस और एनडीटीवी में 5% की गिरावट है। अडाणी विल्मर करीब 3% नीचे हैं। ग्रुप का सीमेंट स्टॉक एसीसी 1% नीचे है, लेकिन अंबुजा सीमेंट 1.5% के करीब चढ़ा है।
हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद से ग्रुप का मार्केट कैप 61.6% गिरा
अडाणी ग्रुप को लेकर 24 जनवरी को हिंडरबर्ग की रिपोर्ट आने के बाद से ग्रुप का मार्केट कैप 61.6% या 11.8 लाख करोड़ रुपए घटकर अब 7.4 लाख करोड़ रुपए हो गया है। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ग्रुप के सात शेयर 85% से जायादा ओवरवैल्यूड है।
ग्रुप के शेयरों में अडाणी टोटल गैस का शेयर सबसे ज्यादा टूटा है। ये पिछले 21 सेशन में 20 सेशन में लोअर सर्किट पर बंद हुआ है। गुरुवार के 5% नुकसान के बाद, स्टॉक अब 25 जनवरी से अपने मूल्य का लगभग 80% खो चुका है।
24 जनवरी को इसका मार्केट कैप 4.3 लाख करोड़ रुपए था जो अब 87,242 करोड़ रुपए पर आ गया है। अडाणी ग्रीन एनर्जी और ट्रांसमिशन को करीब 73% का नुकसान हुआ है। अडाणी एंटरप्राइजेज, पिछले एक महीने में अपने मूल्य का लगभग 60% खो चुकी है।
