युवा संस्था द्वारा रमजान के पवित्र महीने में “शाही रोजा इफ्तार” का आयोजन किया गया। जिसमें मुस्लिम समुदाय के साथ ही अन्य धर्म-मजहब के लोग भी शामिल हुए।
आज के इफ्तार दावत में युवा के मुस्लिम सदस्यों के साथ शहर के प्रतिष्ठित रोजेदारों ने भी शिरकत की।
आज के दावते रोजा इफ्तार के मुख्य अतिथि जनाब मो. अबू सामा, आई.आर.एस, माननीय आयुक्त, सेंट्रल जीएसटी, रायपुर एवं विशिष्ट अतिथि डॉ ओ. पी. बिश्नोई, आई.आर.एस, संयुक्त आयुक्त थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनाब मीर अली मीर, प्रदेश के मशहूर कवि ने किया।
सर्वप्रथम सबकी उन्नति, अच्छे स्वास्थ्य तथा समाज में आपसी सद्भावना और अमन शांति के लिए दुआ की गई।
इफ्तार की शुरुआत मगरिब की अजान होते ही खजूर खाकर की गई। इसके अलावा फल के साथ अन्य व्यंजन भी रोजेदारों में परोसे गए।
आज के दावत की ख़ास बात यह रही कि रोजेदारों को परोसे गए सारे व्यंजन, युवा के सदस्यों के ख़ुद से बना कर लाये हुए थे।
दावत-ए-इफ्तार में उपस्थित सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए युवा संस्था के संस्थापक श्री एम राजीव ने कहा कि यह आयोजन कौमी एकता और भाईचारे के संदेश देने हेतु किया गया है।
इस मौक़े पर मुख्य अतिथि जनाब मो. अबू सामा ने कहा कि रमजान का महीना बड़े रहमतों और बरकतों से भरपूर है और जो शख्स रोजेदार को इफ्तार कराता है अल्लाह उनको रोजेदार के बराबर का सवाब अता फरमाता है। उन्होंने युवा सदस्यों द्वारा खुद से बना कर लाए गए पकवानों के लिए सराहना की और उनके शीघ्र सफलता की दुआ की।
विशिष्ट अतिथि डॉ ओ पी बिश्नोई ने कहा की उन्होंने भी अपने जीवन के शुरुआती दिनों में इसी तरह से जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाया है और उनके पढ़ाये हुए कई बच्चों ने नीट, जेईई जैसे कठिन परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। उन्होंने भविष्य में युवा के सदस्यों को भी मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनाब मीर अली मीर ने उपस्थित लोगों की मांग पर अपने कई कविताओं, ग़ज़लों के साथ उनकी प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी रचना “नंदा जाही का रे” को अपने चिरपरिचित अंदाज़ में गाकर सुनाया। उन्होंने कहा कि युवा संस्था द्वारा इस प्रकार के इफ्तार पार्टी के आयोजन करने से आपसी भाईचारा बढ़ता है।
कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ी फिल्मों के कलाकार एवं मशहूर एंकर मो. अतीक खान ने किया। जिन्होंने अपनी शेरो-शायरी से लोगों ख़ूब मनोरंजन किया।
इसके अलावा मोहतरमा अकलिमा खान ने नातिया कलाम को प्रस्तुत किया।
इन सब के अतिरिक्त आज के दावत में उपस्थित होने वालों में प्रमुख रूप से मोहतरमा आमना ख़ातून, सहायक निदेशक, जनसंपर्क विभाग, छ.ग.शासन; मो. शमशेर खान, मो. अब्दुल कैस, मो. इम्तियाज, मो. फैज़ान, मोहतरमा शाहीना परवीन, मोहतरमा शबीना खान,
मोहतरमा फरहीन नाज़, मोहतरमा अनीशा बुशरा के साथ ही युवा के शिक्षक एवं सदस्यगण शामिल थे।
