लोकसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के बीच राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर बघेल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस तेजी के साथ प्रदेश में गोबर खरीदी को घोटाला बताते हुए बंद करने का काम करके इसे ऐतिहासिक बताया गया है, क्या उस तेजी के साथ महादेव सट्टा ऐप को भी बंद किया जाएगा।
बघेल ने आरोप लगाते हुए प्रदेश की सरकार पर कहा है कि भाजपा के लोग गली-गली में मेरे ऊपर गोबर घोटाला का आरोप लगाते हुए घूम रहे हैं। बघेल ने सवाल खड़ा करते हुए पूछा कि अगर हमने घोटाला किया है तो सत्ता उनके हाथ में है, घोटाले की जांच कराएं और दोषी को सजा दें। उन्होंने कहा कि यह लोग कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब घोटाला, चावल घोटाला, महादेव सट्टा ऐप जैसे आरोप लगा रहे थे। अब तो सत्ता इनके हाथ में आ गई है फिर क्यों इस तरह के भष्टाचार पर कार्रवाई करने से बच रहे हैं। बघेल ने कहा कि प्रदेश में जिस तेजी के साथ गोबर खरीदी बंद कर दी गई है, वैसे ही शराब और महादेव सट्टा को बंद क्यों नहीं किया गया है।
देश के बजट से अंजान विजय बघेल- भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग लोकसभा सीट से प्रत्याशी विजय बघेल के बजट पर दिए गए बयान को लेकर कहा कि दुर्ग लोकसभा के भाजपा प्रत्याशी बोलते हैं कि कांग्रेस हर महिला को एक लाख रुपये सालाना देने की बात कह रही है लेकिन कांग्रेस के पास तो फंड ही नहीं है, वह इतना पैसा कहां से लाएगी। बघेल ने कहा कि वो सरकार के बजट को ही 45 करोड़ का बता रहे हैं। भाजपा के नेताओं को यह भी नहीं पता कि देश के सरकार का बजट कितना होता है, बघेल ने कहा कि यह वो नेता है जो सरकार के 47 लाख करोड़ रुपये के बजट को 45 करोड़ बता रहे हैं।
भूपेश ने ईवीएम पर फिर खड़े किया सवाल
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक बार फिर से ईवीएम मशीन पर भी सवाल खड़ा करते हुए कहा है कि कांग्रेस शासनकाल में हमने नगरीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से काराया था। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव ही सबसे आसान और निष्पक्ष तरीका होता है। यह तरीका इतना आसान होता है कि चुनाव में अनपढ़ आदमी भी इसे देखकर समझ सकता है। वहीं दूसरी तरफ यह ईवीएम मशीन को बड़े से बड़े पढ़े-लिखे लोग भी नहीं समझ पाते हैं। लेकिन भाजपा इस आसान तरीके से चुनाव नहीं कराना चाहती है।
