छत्तीसगढ़ में एक बार फिर महादेव सट्टा ऐप मामले को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की है। दुर्ग जिले के भिलाई में महादेव ऐप से जुड़े दो सटोरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह सटोरी जिनका नाम संतोष कोसरे और कुणाल सोनी है, दोनों लोगों को पैसे का लालच देकर उनके नाम से फर्जी सिम और बैंक अकाउंट खोलकर उनमें ऑनलाइन सट्टा के रुपए के लेनदेन का काम किया करते थे। इस मामले को लेकर 3 दिन पहले भी पुलिस ने वीआईपी कैफे में छापेमारी की थी, जहां से दो युवकों की गिरफ्तारी की गई थी। इनके पास से बड़ी मात्रा में सिम, बैंक पासबुक के साथ अवैध हुक्का जप्त किया गया था। जब उन दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई तो उसमें संतोष कोसरे और कुणाल सोनी के संबंध में जानकारी मिली थी।
बतादे कि यह मामला 13 अप्रैल की रात का बताया जा रहा है, जब पुलिस को वीआईपी कैसे में अवैध हुक्का पिलाई जाने की शिकायत मिली थी। इस शिकायत के बाद एएसपी सुखनंदन राठौर के नेतृत्व में सीएसपी भिलाई सत्य प्रकाश तिवारी और क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर छापा मारा था। इस छापे में बड़ी मात्रा में हुक्का, तंबाकू युक्त फ्लेवर उसके साथ 50 सिम कार्ड के साथ 15 आईडीएफसी बैंक के चेक बुक, लैपटॉप और मोबाइल मिले थे।
पुलिस ने इस पूरे मामले में सामान को जब्त करते हुए आरोपियों से बारीकी से पूछताछ की और इस पूछताछ में पता चला कि 50 नए सिम, बैंक अकाउंट अन्य व्यक्तियों के नाम पर खोले गए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि यह पूरा खेल महादेव सट्टा ऐप से जुड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने इस मामले को लेकर गंभीरता लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच में दो आरोपी संतोष कोसरे और कुणाल सोनी को गिरफ्तार किया गया है।
