IPL 2024: 58वें मैच में फाफ डु प्लेसिस की कप्तानी वाली आरसीबी ने पंजाब किंग्स को 60 रनों के बड़े अंतर से हराया. इस सीजन आरसीबी की यह लगातार चौथी जीत है. शुरुआत में यह टीम खराब फॉर्म में थी, लेकिन पिछले चार मैचों में उसने दमदार कमबैक किया. जिसमें टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) का अहम योगदान रहा. कोहली ने पंजाब के खिलाफ 92 रनों की पारी खेली और एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे तोड़ना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान काम नहीं होगा.
धर्मशाला के मैदान पर पंजाब किंग्स के खिलाफ कोहली के बल्ले से 47 बॉल पर 92 रन निकले. कोहली IPL में दूसरी बार ही 90 से 99 रन के बीच आउट हुए हैं. इससे पहले कोहली दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 99 रन पर आउट हो चुके हैं. किंग कोहली ने इस लीग में 13वीं दफा 90 से ज्यादा का स्कोर बनाया है. टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 90+ रन के स्कोर कोहली के नाम ही हैं.
