रायपुर. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद राज्य सरकार ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बलौदाबाजार जिला कलेक्टर कुमार लाल चौहान और पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार को हटा दिया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) दीपक सोनी को बलौदाबाज़ार का जिला कलेक्टर बनाया गया हैं वहीं भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी विजय अग्रवाल को पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मंगलवार को चली मैराथन बैठक के बाद देर रात सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक श्री कुमार लाल चौहान को अस्थाई रुप से आगामी आदेश तक विशेष सचिव, मंत्रालय के पद पर पदस्थ किया गया है। आईएएस दीपक सोनी रजिस्ट्रार, सहकारी संस्थाएं तथा अतिरिक्त प्रभार आयुक्त, मनरेगा को अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक जिला कलेक्टर जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के पद पर पदस्थ किया गया है।
गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक बलौदाबाजार ज़िले के पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार को पुलिस मुख्यालय भेजा गया है एवं अंबिकापुर पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय अग्रवाल को बलौदाबाजार जिले की कमान सौंपी गई है। योगेश पटेल को अंबिकापुर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
