रायपुर । अग्रसेन महाविद्यालय पुरानी बस्ती में स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चार्टर्ड एकाउंटेंट डॉ आर के अग्रवाल उपस्थित रहे। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल तथा महाविद्यालय के तकनीकी सलाहकार अनुराग अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। वहीँ महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डा वी.के. अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की केंद्रीय इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी, शिक्षण समिति के सह सचिव डॉ रविंद्र अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी सुनील अग्रवाल, रामदास अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के केंद्रीय सचिव डॉ जे.पी. अग्रवाल एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अग्रसेन भवन के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रीष्म कालीन प्रतियोगिताओं के सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान किये गए।
पुरस्कार प्राप्त करने वालों में शामिल थे – पोस्टर स्पर्धा- (1) – सौम्या चौधरी (2) भव्यता जैन ; बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट स्पर्धा- (1) – सौभाग्यदा अग्रवाल, (2) सृष्टि कश्यप ; रंगोली स्पर्धा- (1) – सृष्टि कश्यप, (2) शीतल भोई ; मेहंदी स्पर्धा- (1) – प्राची मिश्रा (2) डिम्पल देवांगन।
साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को भी प्रमाण पत्र दिए गए। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सीबीएसई बोर्ड की बारहवीं की प्रावीण्य सूची में प्रदेश भर में प्रथम रहने वाली छात्रा श्रुति अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित वरिष्ठ चार्टर्ड एकांउटेंट डॉ आर के अग्रवाल ने कहा कि एक छोटी सी शुरुआत करते हुए अग्रसेन महाविद्यालय ने विगत बाइस वर्षों में लगातार प्रगति की है। यहाँ के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपना तथा महाविद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की केंद्रीय इकाई के अध्यक्ष तथा महाविद्यालय के तकनीकी सलाहकार अनुराग अग्रवाल ने कहा कि विगत बाइस वर्ष पहले दो छोटे से कमरे में इस संस्थान को शुरू करने वाले पदाधिकारियों ने अपने अथक परिश्रम से महाविद्यालय को यहाँ तक पहुँचाया है. उनके योगदान और सेवा को हमेशा याद रखा जायेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल ने कहा कि इस महाविद्यालय ने संकल्प, साधना और समर्पण के सूत्र वाक्य से समाज के लिए एक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि बहुत ही कम समय में अग्रसेन कला केंद्र की स्थापना से संस्थान का एक बड़ा उद्देश्य पूरा हुआ है। कार्यक्रम में आमंत्रित सभी अतिथियों को साधुवाद देते हुए छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की केंद्रीय इकाई के पूर्व अध्यक्ष एवं अग्रसेन शिक्षण समिति के कोषाध्यक्ष अजय दानी ने कहा कि एक अच्छे उदेश्य को लेकर शुरू हुआ यह संस्थान आज विकास के अनेक चरणों को पार कर चुका है। इसमें सभी का योगदान अहम रहा है ।
इससे पहले महाविद्यालय की विकास यात्रा का विवरण प्रस्तुत करते हुए महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के सचिव एवं महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर डॉ अमित अग्रवाल ने कहा कि इस महाविद्यालय की प्रगति का मूल-मन्त्र यही है कि हर वर्ष कोई न कोई नवाचार अवश्य किया जाये। उन्होंने महाविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जल्द ही कुछ रोजगार-उन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रयास किये जाएंगे। उन्होंने महाविद्यालय में आगामी दिनों में उपलब्ध होने वाली नवीनतम सुविधाओं की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय ने विगत दो दशकों से वंचित समुदाय के युवाओं को न्यूनतम शुल्क पर शिक्षा-दान देने का जो संकल्प लिया है, वह आज भी जारी है। प्राचार्य डा. युलेंद्र कुमार राजपूत ने कहा कि अग्रसेन महाविद्यालय ने वर्ष 2002 में केवल कुछ छात्रों और शिक्षकों से शुरुआत करते हुए आज एक बड़े शिक्षण संस्थान के रूप में पहचान बनाई है और यहाँ के विद्यार्थी पढाई के साथ-साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते हैं. कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के समस्त प्राध्यापक भी शामिल हुए।
