नई दिल्ली. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार मैच की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2023 का चौथा और अंतिम मुकाबला आज यानी 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस मैच में भारतीय कप्तान की नजरें लीजेंड बल्लेबाज सुनील गावस्कर के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी करने पर होगी। दरअसल, बतौर कप्तान घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने का रिकॉर्ड भारतीय पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर के नाम है। गावस्कर ने यह कारनामा अपने करियर में दो बार किया था, वहीं रोहित शर्मा सीरीज के पहले मुकाबले में एक शतक जड़े उनके इस रिकॉर्ड की ओर एक कदम बढ़ा चुके हैं। अगर अहमदाबाद टेस्ट में रोहित के बल्ले से एक और शतक निकलता है तो वह बतौर भारतीय कप्तान घरेलू सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में सुनील गावस्कर की बराबरी कर लेंगे। रोहित के अलावा महेंद्र सिंह धोनी, मंसूर अली खान पटौदी, मोहम्मद अजहरूद्दीन और कपिल देव ने भी अपने करियर में 1-1 बार यह कारनामा किया है।
