शासन और जनता के बीच शासकीय सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान में छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय एक महत्वपूर्ण माध्यम एवं संपर्क की भूमिका निभाता है। वास्तव में यह विभाग, शासन-प्रशासन, जनता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के बीच सेतु का काम करता है। जन संचार के विभिन्न माध्यमों (समाचार पत्र, रेडियो, टेलीविजन, सोशल मीडिया एवं आउटडोर पब्लिसिटी आदि) के सहयोग से राज्य शासन के नीतियों, कार्यक्रमों और जन कल्याणकारी फैसलों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना इस विभाग का मुख्य उददेश्य है। 01 नवम्बर 2000 को 26 वें राज्य के रूप में देश के नक्शे पर छत्तीसगढ़ राज्य के बनने के साथ ही छत्तीसगढ़ शासन का छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय अस्तित्व में आ गया। राज्य की स्थापना के दिन से ही जनसंपर्क विभाग कार्यशील है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय, इंद्रावती भवन अटल नगर,नवा रायपुर में स्थित है। प्रदेश के सभी 28 जिलों में जिला जनसंपर्क कार्यालय तथा नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ सूचना केन्द्र संचालित हैं। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क संचालनालय की सहयोगी संस्था के रूप में छत्तीसगढ़ संवाद कार्य कर रहा है।
