रायपुर, दो दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम के दूसरे और अंतिम दिन का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र के तत्वावधान में आयोजित किया गया, जो छत्तीसगढ़ सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग और भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) की एक संयुक्त पहल है। कार्यक्रम में लगभग 150 इच्छुक उद्यमियों और व्यवसायियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आज के सत्रों में प्रतिष्ठित विशेषज्ञों ने उद्यमिता के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई. व्यवसाय योजना और वित्तीय योजना विषय पर सीए मनीष अग्रवाल ने व्यवसायिक रणनीतियों और प्रभावी वित्तीय प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला, जो लंबे समय तक व्यवसाय को स्थिर बनाए रखने के लिए आवश्यक है। विपणन और बिक्री विषय पर डॉ. देवाशीष मुखर्जी, प्राचार्य महंत कॉलेज, ने आधुनिक विपणन तकनीकों, बिक्री रणनीतियों और ग्राहक संबंध प्रबंधन पर उपयोगी जानकारी साझा की, जो प्रतिस्पर्धात्मक बाजार में सफलता के लिए आवश्यक हैं। उद्यमियों के लिए डिजिटल उपकरण विषय पर प्रसन्न कुमार निमोनकर ने यह बताया कि कैसे डिजिटल उपकरणों का उपयोग व्यवसाय के संचालन को सरल बना सकता है, उत्पादकता में सुधार कर सकता है, और बाजार तक पहुंच को बढ़ा सकता है। वित्तीय सहायता और सरकारी योजनाओं की समझ विषय पर मुकुल वेदी ने उद्यमियों के लिए उपलब्ध विभिन्न सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता कार्यक्रमों का विवरण दिया, और यह समझाया कि ये संसाधन व्यवसाय के विकास में कैसे मदद कर सकते हैं।
सत्रों के दौरान 150 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, अपने विचार साझा किए और वक्ताओं से सवाल पूछे। ईडीआईआई के स्टेट इंचार्ज शीबा राबर्ट्स ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समापन किया। डॉ. अतुल, हिमांशु शर्मा, राहुल तिवारी इत्यादि उपस्थित रहे.
यह पहल स्थानीय उद्यमियों को आज के प्रतिस्पर्धात्मक आर्थिक माहौल में सफल होने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और संसाधनों से सशक्त बनाने के प्रति छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
आगामी कार्यक्रमों के लिए अधिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ उद्यमिता विकास केंद्र से संपर्क करें.
