धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी के सरसोपुरी गांव में एक युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद अर्जुनी थाने में अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. मृतक के परिजनों ने गांव के सरपंच पर हत्या का आरोप लगाया है.
बताया गया कि सरसोपुरी में रहने वाले खिलेश्वर यादव का ग्रामीणों के साथ पैरावट में आग लगने की बात पर विवाद हुआ था. सरपंच से इसकी शिकायत हुई थी. सरपंच के साथ भी खिलेश्वर का एक दिन पहले झगड़ा हो गया था, जिसकी शिकायत सरपंच ने थाने में की थी.
इस मामले में शुक्रवार की रात गांव में बैठक बुलाई गई. बैठक में फिर झगड़ा और विवाद हुआ. इसके बाद बताया जा रहा है कि करीब दर्जन भर लोगों ने खिलेश्वर को मरते दम तक पीट दिया.
रात में ही खिलेश्वर को घायल हालात में धमतरी के अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अब इस मामले में मृतक के परिजन सरपंच पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं. इधर अर्जुनी थाने में अज्ञात लोगों पर हत्या का जुर्म दर्ज किया गया है. कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है.
