भोपाल। छह फीट से कुछ इंच ऊंचा कद, इकहरी काया और अमिताभ बच्चन की तरह थिरकने का अंदाज…। मध्य प्रदेश डाक परिमंडल कार्यालय में सहायक निदेशक ( तकनीकी) के पद पर कार्यरत सुरेन्द्र कुमार दीक्षित दोस्तों के बीच अपने इसी कद-काठी और अंदाज के लिए लोकप्रिय थे।
16 मार्च की रात कार्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभोज के बीच फिल्मी गीत, अपनी तो जैसे-तैसे कट जाएगी…पर दोनों हाथ उठाकर वे नाच रहे थे, सामने खड़े मित्र सहायक निदेशक अभिषेक चौबे दोस्त की खुशी और उनके नाचने के अंदाज को मोबाइल में कैद कर रहे थे।
इसके बाद, जैसे ही मंच से, बस आज की रात है जिंदगी, कल हम कहां, तुम कहां… गीत बजा, थिरकते हुए एसके दीक्षित जिगरी दोस्त चौबे के कदमों के पास ही गिर पड़े…। सहकर्मी उन्हें लेकर अस्पताल की ओर दौड़े, लेकिन दीक्षित अनंत यात्रा पर निकल चुके थे…चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
