रायपुर। उनके आंसू कैसे थमेंगे जिनके सामने पति को,एक पिता को आतंकी गोली मार देते हैं। वो तो अपनी खुशी के लिए घूमने कश्मीर गए थे उन्हे क्या मालूम कि उनकी यह आखिरी खुशी होगी। दिल दुखाने वाली ही नहीं स्तब्ध करने वाली घटना है,पहली बार आतंकियों ने सीधे पर्यटकों पर अटैक किया है यह भी एक सवालिया निशान है। घटना के बाद स्वाभाविक है आक्रोश और पीड़ा ,जम्मू-कश्मीर में शहीद हुए रायपुर निवासी दिनेश मिरानिया की पत्नी, बेटी और बेटे ने अमित शाह से मुलाकात की। उन्हें आतंकवादियों की क्रूरता के बारे में जानकारी दी। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को आतंकियों ने रायपुर के स्टील कारोबारी दिनेश मिरानिया की गोली मारकर हत्या कर दी। आतंकियों ने पत्नी, बेटे और बेटी के आंखों के सामने गोली मारी। मृतक का पार्थिव शरीर दिल्ली से फ्लाइट से रायपुर लाया जा रहा है, जो रात तक पहुंच जायेगा। परिजनों ने जानकारी दी है कि कल 24 अप्रैल की सुबह 9 बजे मारवाड़ी शमशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। माना जा रहा है उन्हे श्रद्धांजलि देने भारी भीड़ जुटेगी इसलिए प्रशासन भी तैयारी में जुट गया है।
