मुंबई. राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 16वें सीजन के लिये चोटग्रस्त प्रसिद्ध कृष्णा की जगह संदीप शर्मा को टीम में शामिल किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि युवा तेज गेंदबाज कृष्णा कमर में स्ट्रेस फ्रैक्चर होने के कारण पिछले साल क्रिकेट से दूर हो गये थे। उन्होंने हाल ही में कमर की सर्जरी करवाई, जिसके बाद वह आईपीएल से बाहर हो गये। रॉयल्स ने कृष्णा के प्रतिस्थापन के रूप में संदीप को 50 लाख रुपये के आधार मूल्य पर खरीदा है। आईपीएल के सबसे वरिष्ठ गेंदबाजों में से एक संदीप टूर्नामेेंट में 100 से अधिक विकेट ले चुके हैं।
