उज्जैन । नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम टंकारिया में एक व्यक्ति ने मंगलवार रात 12 बजे सो रही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर बेटी की नींद खुली तो उसने मां को बचाने का प्रयास किया तो उसे भी व्यक्ति ने मौत के घाट उतार दिया। कमरे में ही सो रहे दो बच्चों को ग्रामीण ने चुपचाप पड़े रहने के लिए धमकाया। बुधवार ग्रामीणों ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
मां की आवाज सुनकर खुली नींद
नरवर थाना प्रभारी संजय मंडलोई ने बताया कि ग्राम टंकारिया निवासी ओंकार पुत्र भागीरथ नरवरिया उम्र 50 वर्ष उसकी पत्नी ताराबाई उम्र 45 वर्ष तथा पुत्री रवीना उम्र 13 वर्ष, पुत्र मोहित उम्र 15 वर्ष तथा अंकित उम्र 10 वर्ष मंगलवार रात करीब 11 बजे सो गए थे। रात 12 बजे मां की आवाज सुनकर मोहित की नींद खुली तो पता चला कि उसके पिता मां तराबाई व बहन रवीना को चाकू मार रहे हैं।
बच्चों को कहा चुपचाप रहो
पिता ने दोनों बच्चों को चुपचाप रहने को कहा। इससे दोनों बुरी तरह घबरा गए और खुद को दूसरे कमरे में बंद कर लिया। चाकू लगने से ताराबाई व रवीना की मौत हो गई थी।
सुबह होते ही खुद को मारे चाकू
बुधवार सुबह ओंकार ने खुद को चाकू मार लिए। पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुबह करीब आठ बजे ओंकार का भाई गोवर्धन किसी काम से वहां पहुंचा था। दरवाजा बजाने पर बच्चों ने दरवाजा खोला तो वह अंदर का नजारा देखकर दंग रह गया।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
ग्रामीणों ने ओंकार को गंभीर हालत में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। इस पर टीआइ संजय मंडलोई व एफएसएल अधिकारी डा. प्रीति गायकवाड़ मौके पर पहुंची थी।
रातभर पत्नी व बेटी की लाश के पास पड़ा रहा
बच्चों ने पुलिस को बताया कि पिता मां को मार रहे थे तो उनकी बहन ने मां को बचाने के लिए उनके पैर पकड़ लिए थे। जिस पर पिता ने उसे भी चाकू मार दिए थे। इसके बाद हम दोनों को चुपचाप रहने को कहा था। मां व बहन की मौत से वह दोनों काफी डर गए थे। सुबह पिता ने खुद को चाकू मारे तो वह और भी ज्यादा घबरा गए थे। काका की आवाज घर के बाहर से आने पर दोनों ने दरवाजा खोला था।
पत्नी के साथ आए दिन करता था मारपीट
मोहित व उसके भाई अंकित ने पुलिस को बताया कि उनके पिता आए दिन मां के साथ विवाद कर मारपीट करते थे। रात को जब नींद खुली तो वह काफी गुस्से में थे और हम दोनों को भी चुपचाप रहने के लिए कहा था।
साला बोला जमीन का था विवाद
मृतका ताराबाई के भाई सुरेश चौहान निवासी ग्राम दत्तोतर ने बताया कि उसके जीजा ओंकार का अपने भाई से 22 बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वह भाइयों पर ही हत्या का आरोप लगा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि बच्चों ने अपने पिता के खिलाफ बयान दिए हैं। उनका कहना है कि पिता ने ही मां व बहन को मारकर मौत के घाट उतारा है।
