जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर की शाखा रामानुजगंज में सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की जाने का आरोप लगा है। कर्मचारियों को भरी भीड़ में पिटाई किए जाने का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी संघ अंबिकापुर के कर्मचारी मामले को लेकर लामबंद हो गए हैं। मुख्यमंत्री के नाम पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज को ज्ञापन देकर विधायक के इस कृत्य पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए सामूहिक रूप से पांच व छह अप्रैल को सामूहिक अवकाश पर रहने का निर्णय लिया है। इस अवधि में यदि विधायक पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाती है तो अनिश्चितकाल के लिए बैंक बंद करने की भी चेतावनी दी गई है। मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी स्थानीय बैंक परिसर में एकत्र हुए और विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।