महासमुंद : महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के जन्मदिन के अवसर पर विधायक कार्यालय के पीछे विशाल मेगा मार्ट परिसर में पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक व पूजन हुआ। कार्यक्रम में सहित अन्य वरिष्ठ नेतागण भी बधाई देने पहुंचे। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित भाजपा के स्थानीय वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में आमजन भी शामिल हुए। उपस्थित अतिथियों ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। विधायक ने भी सभी का अभिनंदन स्वीकार करते हुए धन्यवाद दिया। रुद्राभिषेक के बाद प्रसाद वितरण व भोजन के साथ अतिथियों को रुद्राक्ष वितरण भी किया गया।
बता दें कि इस वर्ष भी अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक व हवन पूजन का आयोजन किया था। सुबह 11 बजे विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा का आगमन विधायक कार्यालय में हुआ। पहले से उपस्थित भाजपा के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारीगण व कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। फूल मालाओं के साथ सभी ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात वे पार्थिव शिवलिंग का रुद्राभिषेक व हवन पूजन में परिवार सहित शामिल हुए। मंत्रोच्चार के साथ हवन पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह का आगमन हुआ, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा सहित सभी नेताओं ने उनका स्वागत किया। डॉ रमन सिंह रुद्राभिषेक में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को जन्मदिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा श्रावण मास में एक माह का रुद्राभिषेक एवं हवन पूजन आयोजित की जाती है। साथ ही अन्य अवसरों पर भी आयोजन किया जाता है, जिससे क्षेत्रवासियों को रुद्राभिषेक में शामिल होने का पुण्यलाभ प्राप्त होता है। आगे कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राज्य में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार विकास कार्य को सतत आगे बढ़ा रही है। इस विकास कार्य में महासमुंद विधानसभा भी योगेश्वर राजू सिन्हा के नेतृत्व आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को जन्मदिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन के लिए महतारी वंदन योजना संचालित कर रही है। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी क्षेत्र की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर पर इस सीजन क्षेत्र में होने वाली शादियों में बेटियों को शादी का जोड़ा देने का वादा किया है, जिसकी शुरुआत उन्होंने आज की है। यह काफी अच्छा पहल है, इससे बेटियों का सम्मान बढ़ रहा है।
शाम तक पहुंचते रहे बधाई देने लोग
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा को देर शाम तक बधाई देने के लिए लोग पहुंचते रहें। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि वें सभी का स्नेह और आशीर्वाद पाकर काफी प्रफुल्लित हैं। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने जन्मदिन के अवसर पर आशीर्वाद देने और रुद्राभिषेक एवं पूजन में शामिल होने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि महादेव की कृपा एवं आप सभी के आशीर्वाद से मैं आज आपके क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहा हूं। हमारी सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ-साथ मैं अन्य विकास कार्यों के लिए भी सदा तत्पर हूं। अपनी पूरी क्षमता के साथ आप सभी की सेवा में लगा हुआ हूं। इसमें आप सभी का भी भरपूर सहयोग एवं आशीर्वाद मिलता है। इसके लिए मैं आप सभी का हृदय से आभारी हूं। हम सब मिलकर विकसित छत्तीसगढ़ के साथ विकसित महासमुंद की गाथा भी लिखेंगे।
