दुर्ग। जिले में बढ़ते अपराध के बाद अब पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के तहत ऑनलाइन प्लेटफार्म के जरिए घातक हथियार मंगाने, सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करने, अवैध सट्टा खेलने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
आदतन चाकूबाज, गुंडा और निगरानी बदमाश जो अमेजॉन, फ्लिपकार्ट व मीशो जैसे ऑनलाइन माध्यमों से धारदार हथियार मंगाकर सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड कर आम जनता में भय का माहौल बना रहे थे, उनके खिलाफ अभियान चलाया गया।
इस दौरान चौकी पुलगांव थाना क्षेत्र से दो और मोहन नगर से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उनके पास से धारदार चाकू जब्त किए गए। तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं सोशल मीडिया पर चाकू और तलवार के साथ फोटो अपलोड करने वाले आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में शेख अलराज, रवि विश्वकर्मा, अरबाज अली, एस. वामसी राव, आसिफ अली, अवनीश और मोहित बंजारे सहित सात युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
