रायपुर। छत्तीसगढ़ में हेट स्पीच के मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई के बाद भाजपा और कांग्रेस के सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने सोमवार को रायपुर के सिविल लाइन थाने में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ शिकायत की। भाजपा ने नंदकुमार बघेल, कवासी लखमा, आरपी सिंह, धनंजय सिंह ठाकुर, शकुंतला साहू, जयवर्धन बिस्सा, मंत्री अमरजीत भगत के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत की है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, वरिष्ठ भाजपा नेता विधायक शिवरतन शर्मा, रायपुर संभाग प्रभारी सौरभ सिंह के नेतृत्व में कई दिग्गज नेता एकात्म परिसर से सिविल लाइन थाने पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। भाजपा के नेताओं ने हेट स्पीच को लेकर दिए गए नोटिस पर शिकायत को झूठा बताया। इस दौरान नेता कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की। बता दें कि बिरनपुर हत्याकांड मामले में इंटरनेट मीडिया में नफरती पोस्ट फैलाने बीजेपी नेताओं को नोटिस जारी हुआ था।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस बोली – दबाव बनाने के लिए कर रहे हैं थाने में नारेबाजी
छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के नेताओं ने इंटरनेट मीडिया भड़काऊ पोस्ट डाल कर दंगा भड़काने का काम किया है। पुलिस में शिकायत हुई है। पुलिस ने नोटिस भेज कर जबाब मांगा है। भाजपा नेता संगठित होकर थाने जाकर दबाव बनाना चाह रहे हैं, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ेगा।इन सब पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिये।
