रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने और प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शामिल पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज (मेकाहारा), रायपुर में लंबे समय से चली आ रही एक महत्वपूर्ण मांग को प्रदेश सरकार ने पूरा कर दिया है। अब मेकाहारा में डीएम कार्डियोलॉजी की सीट स्वीकृत कर दी गई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में लिए गए इस निर्णय से प्रदेश के युवा डॉक्टरों को सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में ही अधिक संख्या में हृदय रोग विशेषज्ञ तैयार हो सकेंगे, जिससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। बताया जा रहा है कि यह वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके लिए बीजेपी प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. देवेंद्र कश्यप लगातार प्रयास कर रहे थे। उनके सतत प्रयास और आग्रह के बाद प्रदेश सरकार ने इस मांग को स्वीकृति दी है। इस घोषणा के बाद प्रदेश भर के युवा डॉक्टरों और वरिष्ठ विशेषज्ञों में खुशी का माहौल है। इसे प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस संबंध में जानकारी बीजेपी प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के मीडिया प्रभारी आशुतोष द्विवेदी ने दी।