कोरबा। जिले की मड़वारानी पहाड़ी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप का ब्रेक फेल होने से पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में 9 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें एक मासूम बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, चांपा-जांजगीर जिले के सलखन गांव के 25 श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर कोरबा के मड़वारानी पहाड़ी पर स्थित मां के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी ने बकरा भात खाया और अपने गांव वापस लौट रहे थे। रास्ते में उतराई के दौरान अचानक पिकअप का ब्रेक फेल हो गया। चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार कई श्रद्धालु उछलकर दूर जा गिरे।
इस दुर्घटना में 9 यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक सुखदास महंत और ईएमटी कृष्ण श्रीवास ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन में बैठाकर उरगा और चांपा के अस्पतालों में भर्ती कराया।
