रायपुर। एक कारोबारी से लगभग 50 लाख रुपये लेकर फरार हुए ड्राइवर कृष्णा साहू के प्रकरण में पुलिस कार्रवाई के दौरान बिरगांव नगर निगम के पार्षद ओम प्रकाश साहू की कथित संलिप्तता सामने आने की जानकारी प्राप्त होने पर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर ग्रामीण ने कड़ा रुख अपनाया है। साहू ने कृष्णा के दिए रूपयों को छिपाया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिरगांव के अध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर जिला अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने ओम प्रकाश साहू को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी महामंत्री (संगठन) मलकीत सिंह गेंदू को प्रेषित कर दी गई है, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के विश्वास और कानून में आस्था रखती है तथा इस मामले में निष्पक्ष जांच एवं विधिसम्मत कार्रवाई का समर्थन करती है। यदि भविष्य में किसी भी स्तर पर और तथ्य सामने आते हैं, तो पार्टी और भी सख्त निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगी।
