छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। राजनांदगांव 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है जिससे लू जैसी स्थिति बनने की आशंका है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे दोपहर में बाहर निकलने से परहेज करें और गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीते रहें।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बिलासपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस, सक्ती में 43.4 डिग्री सेल्सियस , मुंगेली में 43.2 डिग्री सेल्सियस तथा राजधानी रायपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इन जिलों में कल हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने 28 अप्रैल को गरियाबंद, धमतरी, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की चेतावनी दी है। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग की मानें तो 29 अप्रैल को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ में पहली मई तक मौसम का ऐसा रुख देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
लू जैसी स्थिति बनने की आशंका
वहीं छत्तीसगढ़ के मध्य और उत्तरी हिस्सों में लू जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। नागरिकों को दोपहर के समय बाहर निकलने से परहेज करने की सलाह दी गई है। रायपुर में अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। अगले 2 दिनों तक सूबे के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
