रायपुर। रायपुर जिले के गोबरानवापारा क्षेत्र में रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पोकलेन मशीनों को जब्त कर सीलबंद कर दिया है। यह कार्रवाई कलेक्टर के निर्देश और उप-संचालक (खनिज प्रशासन) के नेतृत्व में 18 और 19 मई को की गई।
खनिज विभाग की टीम, जिसमें सहायक खनि अधिकारी, खनि निरीक्षक और अन्य अधिकारी शामिल थे, ने गोबरानवापारा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ग्राम लखना स्थित रेत खदान में स्वीकृत क्षेत्र के बाहर और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर दो चेन माउंटेड पोकलेन मशीनों से अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया।
विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पोकलेन मशीनों को मौके पर ही जब्त कर सीलबंद कर दिया और अवैध उत्खनन कार्य बंद करा दिया।
इसी अभियान के तहत तहसील गोबरानवापारा के ग्राम नवागांव, जौंदा, जौंदी और डगनिया में महानदी से लाई गई रेत का बिना अनुमति अवैध भंडारण भी पकड़ा गया। जांच में , , , , , और द्वारा बिना वैध अनुमति के रेत भंडारण किया जाना पाया गया।
खनिज विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत संपूर्ण अवैध रेत को जब्त कर संबंधित लोगों को जवाब-तलब के लिए नोटिस जारी किया है।
उप-संचालक राजेश मालवे ने बताया कि जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए लगातार गश्त और कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
