0-शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कई अभियानों की प्रगति की समीक्षा
रायपुर। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के करीब 5 महीने बाद सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने की।उन्होंने शहर की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और कई अभियानों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान शहर में बढ़ रही चाकूबाजी, लूटपाट और अन्य संगीन अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
साथ ही पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने, अपराधों पर अंकुश लगाने, आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने क्राइम डीसीपी को स्पेशल टीम बनाने की नसीहत दी है।
बैठक में मौजूद अधिकारियों के अनुसार पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों से वन-टू-वन चर्चा कर कई थानों और जोनों के प्रदर्शन की समीक्षा की। इस दौरान एक एसीपी रैंक के अधिकारी की ओर से पेश अपराध और कार्रवाई संबंधी आंकड़ों में कुछ त्रुटियां सामने आईं।
कमिश्नर ने आंकड़ों में गड़बड़ी पकड़ते हुए संबंधित अधिकारी को डेटा दुरुस्त कर दोबारा पेश करने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि प्रतिबंधात्मक कार्रवाई से जुड़े आंकड़ों में विसंगति पाई गई थी।
