21/06/2026
जिलाध्यक्षों की ट्रेनिंग में एक दिवसीय प्रवास पर राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर राहुल गांधी जी का भव्य स्वागत किया गया- विकास उपाध्याय
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी के रायपुर आगमन पर विकास उपाध्याय ने हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रायपुर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने कड़ी धूप में अपने लोकप्रिय नेता की प्रतीक्षा की। जैसे ही राहुल गांधी जी कार्यक्रम स्थल पहुंचे, ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं एवं जयघोष के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया गया।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि राहुल गांधी जी के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। हजारों की संख्या में कांग्रेसजनों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर अपने नेता का अभिनंदन किया तथा उनके प्रति अपना स्नेह और समर्थन व्यक्त किया।
विकास उपाध्याय ने कहा कि राहुल गांधी जी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों की सशक्त आवाज हैं। उन्होंने सदैव जनता के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से संसद और सड़कों पर उठाया है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देश में सामाजिक न्याय, आर्थिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती सदैव से सामाजिक समरसता, भाईचारे और जनहित की राजनीति की पक्षधर रही है। राहुल गांधी जी का यह प्रवास प्रदेश कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। राहुल गांधी जी के आगमन को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल रहा तथा विकास उपाध्याय ने इसे संगठन के लिए प्रेरणादायक बताया।
रायपुर छत्तीसगढ़
