रायपुर। शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। प्रदेश के शिक्षा महाविद्यालयों में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएड, बीएड और डीएलएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग अगस्त के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। इस बार काउंसिलिंग पिछले वर्ष की तुलना में पहले आयोजित होगी। वहीं काउंसिलिंग कराने वाली एजेंसी में भी बदलाव किया गया है। चिप्स की जगह इस बार राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानकारों के अनुसार, सीटों में किसी भी प्रकार का कोई बदलाव नहीं हुआ है। चार वर्षीय बीएड कोर्स, बीएड और डीएलएड की कुल 21 हजार 455 सीटों में ही प्रवेश होंगे लेकिन एजेंसी में बदलाव किया गया है। पिछले साल तक काउंसिलिंग के लिए एजेंसी चिप्स थी तो इस साल एनआईसी को जिम्मेदारी दी गई है। काउंसिलिंग को लेकर एससीईआरटी की ओर से अभी कोई भी सूचना जारी नहीं की गई है। जल्द ही काउंसिलिंग शेड्यूल जारी किया जाएगा।
