जिला जनसंपर्क कार्यालय
हस्त चालित ट्रायसिकल से होने वाली परेशानी हुई दूर, आवागमन हुआ अधिक सुगम
रायपुर 05 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित ’’प्रोजेक्ट सहारा’’ जिले के दिव्यांगजनों के लिए संबल बनकर उभर रहा है। इसी क्रम में सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दिव्यांगजन उपकरण वितरण कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग हितग्राही श्री कृष्ण कुमार सोनकर को बैटरी चालित ट्रायसिकल प्रदान की गई, जिससे उनके दैनिक आवागमन एवं आत्मनिर्भर जीवन को नई गति मिलेगी।
श्री सोनकर 80 प्रतिशत दिव्यांग हैं एवं भाठागांव के निवासी हैं साथ ही वे खम्हरिया प्राथमिक शाला में शिक्षक भी हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में वे आवागमन के लिए हस्त चलित ट्रायसिकल का उपयोग करते थे, जिससे उनपर शारीरिक तनाव पड़ता था। समस्या के समाधान हेतु उन्होंने संबंधित विभाग में बैटरी चालित ट्रायसिकल हेतु आवेदन किया, जिसके पश्चात् इस कार्यक्रम में उन्हें ट्रायसिकल प्रदान की गई।
इस समाधान के लिए श्री सोनकर ने मुख्यमंत्री श्री साय एवं जिला प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।
