

– विधायक अनुज शर्मा ने की शिरकत, 3 लाख रुपये की लागत के यादव समाज सामुदायिक भवन का किया लोकार्पण
– यादव समाज का इतिहास त्याग, वीरता और सेवा की अनमोल परंपरा से जुड़ा है: विधायक अनुज शर्मा
धरसीवाँ/तर्रा: धरसीवाँ विधानसभा के ग्राम तर्रा स्थित श्री राधेकृष्ण मंदिर प्रांगण में छत्तीसगढ़ झेंरिया यादव समाज द्वारा भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ किया गया। इस गरिमामय समारोह में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा ने भगवान श्री राधेकृष्ण के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना के साथ किया। उन्होंने भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महोत्सव के दौरान विधायक अनुज शर्मा ने ग्राम तर्रा में 3 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित यादव समाज के सामुदायिक भवन का विधिवत लोकार्पण कर इसे समाज को समर्पित किया।
यादव समाज का इतिहास त्याग और सेवा का प्रतीक: विधायक अनुज शर्मा
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा, “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का यह पावन पर्व हमें सत्य, धर्म और सामाजिक एकता का संदेश देता है। यादव समाज का इतिहास त्याग, वीरता, धर्म और सेवा की उस अनमोल परंपरा से जुड़ा है, जिसकी नींव स्वयं भगवान श्री कृष्ण ने रखी थी। जब-जब समाज और देश में अधर्म बढ़ा, तब-तब यादव समाज ने धर्म की स्थापना और गऊ माता की रक्षा के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है।”
शिक्षा, संगठन और स्वावलंबन से बढ़े आगे
भगवान श्री कृष्ण के गीता उपदेश का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा, “श्रीकृष्ण ने हमें ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन’ का अमर संदेश दिया है—अर्थात् फल की चिंता किए बिना समाज हित में निरंतर कर्म करते रहें। आज आवश्यकता इस बात की है कि हमारा यादव समाज शिक्षा, संगठन और स्वावलंबन के क्षेत्र में और तेज़ी से आगे बढ़े। अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ते हुए युवाओं को आधुनिक तकनीक, उच्च शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना ही हमारा मुख्य ध्येय होना चाहिए।”
सामुदायिक भवन बनेगा सामाजिक एकता का केंद्र
नवनिर्मित भवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “यह सामुदायिक भवन केवल ईंट और पत्थरों का ढांचा नहीं है, बल्कि यह हमारे यादव समाज की एकता, संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के सामाजिक-सांस्कृतिक विकास का जीवंत केंद्र बनेगा। समाज के हर छोटे-बड़े आयोजन, बैठकों और युवाओं के मार्गदर्शन के लिए यह एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगा।”
विधायक ने दिलाया संस्कृति और गऊ-वंश की रक्षा का संकल्प
अपने संबोधन के अंत में विधायक अनुज शर्मा ने उपस्थित जनसमुदाय को संकल्प दिलाते हुए कहा, “आइए, आज इस जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हम सब यह संकल्प लें कि हम भगवान श्री कृष्ण के बताए सत्य, प्रेम और अन्याय के खिलाफ खड़े होने के मार्ग पर चलेंगे। अपनी गौरवशाली संस्कृति और गऊ-वंश की रक्षा करेंगे, तथा एक सशक्त, शिक्षित व संगठित समाज का निर्माण करेंगे।” उन्होंने अंत में एक बार फिर सभी को जन्माष्टमी और नवनिर्मित सामुदायिक भवन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही आश्वस्त किया कि विष्णु देव साय सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह संकल्पबद्ध है।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण का केंद्र
जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर बच्चों एवं युवाओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम के दौरान भव्य ‘मटकी फोड़’ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं की टोलियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अत्यंत उत्साह व हर्षोल्लास के साथ भाग लिया।
वरिष्ठ जनों एवं पदाधिकारियों की रही गरिमामय उपस्थिति
इस गौरवशाली अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक अनुज शर्मा के साथ प्रमुख रूप से नागेश यादव, छगन यादव रामलाल यादव ,सविता चन्द्राकर, शकुन्तला ढिलेन्द्र ,रूखमड़ी वर्मा, सहदेव यादव , सीमा राकेश वर्मा ,मनीष कुमार वर्मा सहित झेंरिया यादव समाज के पदाधिकारी, ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि, क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में माताएं-बहनें और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
