

यूपीआई लेन-देन पर एमडीआर लागू कर मोदी जी ने किसानों, व्यापारियों, जवानों, छात्रों, महिलाओं सहित सभी वर्ग के लोगों को लॉलीपॉप थमा दिया
यूपीआई पर एमडीआर लागू करने के फैसले से व्यापारियों और डिजिटल भुगतान व्यवस्था पर पड़ेगा गहरा प्रभाव, जिसका हर्जाना आम जनता चुकायेगी – विकास उपाध्याय
रायपुर (छत्तीसगढ़) दिनांक 17.09.2026। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन पर बधाई देते हुए तंज कसा और कहा कि आपने देश के किसानों, व्यापारियों, जवानों, छात्रों, महिलाओं सहित सभी वर्ग के लोगों को लॉलीपॉप देने का काम पिछले 12 वर्षों से करते आये हैं। आज विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस जनों ने लॉलीपॉप बांट कर बीजेपी को आइना दिखाया। मोदी जी आपके कार्यकाल में ही नोटबंदी हुआ जिससे देश को क्या लाभ हुआ जनता आज तक जानना चाहती है। जीएसटी जैसी योजना लाकर आपने देश में जनता से सीधे-सीधे कर वसूली करना शुरू किया। जिससे आज देश के अधिकांश परिवार आर्थिक व्यवस्था से प्रभावित होकर डगमगा गये हैं उनके परिवार पर आपने आर्थिक बोझ डाल दिया है।
छत्तीसगढ़ के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने यूपीआई के माध्यम से होने वाले कुछ बड़े व्यापारी लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लागू किए जाने को लेकर केंद्र सरकार से पुनर्विचार की मांग की है। विकास उपाध्याय ने कहा कि यूपाीआई आज आम जनता, छोटे-बड़े व्यापारियों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए वर्षों से लोगों को यूपीआई अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। ऐसे में व्यापारी लेन-देन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त भुगतान-भार आने से छोटे व्यवसायों और डिजिटल भुगतान के विस्तार पर असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि छोटे दुकानदार, स्वरोजगार से जुड़े लोग और सीमित मार्जिन पर काम करने वाले व्यापारी डिजिटल भुगतान को अपनी रोजमर्रा की आर्थिक गतिविधियों का हिस्सा बना चुके हैं। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि डिजिटल भुगतान की सुविधा का खर्च अंततः व्यापारियों या ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ के रूप में न आए।
विकास उपाध्याय ने कहा कि सरकार को यूपीआई जैसी सार्वजनिक डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सुलभ, पारदर्शी और कम लागत वाली व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि व्यापारी संगठनों, छोटे व्यवसायियों और डिजिटल भुगतान से जुड़े हितधारकों से व्यापक चर्चा के बाद ही किसी भी शुल्क व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने केंद्र सरकार से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि एमडीआर का वास्तविक आर्थिक भार किस पर पड़ेगा और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी परिस्थिति में ग्राहकों से अलग से यूपीआई शुल्क, प्लेटफॉर्म शुल्क या छिपा हुआ शुल्क वसूल न किया जाए। विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता और छोटे व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा डिजिटल भुगतान व्यवस्था को आम नागरिकों के लिए सहज और किफायती बनाए रखने की मांग करती रहेगी। आज के इस कार्यक्रम में शिव श्याम शुक्ला, दिलीप गुप्ता, बाकर अब्बास, संदीप तिवारी, सोनू ठाकुर, कुलदीप ध्रुव, हेमलाल नायक, संजू नायडू, भीम यादव, जाफर खोखर, शाहरुख अशरफी, श्रीनाथ भोगल, वेद प्रकाश कुशवाहा एवं उमेश साहनी उपस्थित हुए।
प्रवक्ता
अमित शर्मा रायपुर (छ.ग.)
