माहेश्वरी सभा ने किया नवनिर्वाचित अर्थमंत्री का आत्मीय अभिनंदन
रायपुर। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा के आगामी सत्र हेतु रायपुर के नारायण राठी अर्थमंत्री (कोषाध्यक्ष) पद पर निर्वाचित हुए हैं।
कल महेश छात्रावास, जी.ई. रोड, रायपुर में माहेश्वरी सभा, रायपुर द्वारा उनका प्रथम आत्मीय अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर दुपट्टा, गजमाला एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष राजेश तापड़िया ने कहा कि माहेश्वरी सभा, रायपुर नवनिर्वाचित अर्थमंत्री के साथ मिलकर सेवा कार्यों की नई योजनाएं लाएगी।
अपने उद्बोधन में नवनिर्वाचित अर्थमंत्री नारायण राठी ने इस नई जिम्मेदारी के लिए समाज का आभार व्यक्त किया और सभी का सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि यह विजय संकल्पित सेवा की विजय है। समाज ने जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। सामाजिक योजनाओं — जिनमें महिलाओं की सहायता, बच्चों की उच्च शिक्षा तथा समाज द्वारा व्यापार हेतु कर-मुक्त लोन जैसे प्रकल्प शामिल हैं — के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
ज्ञातव्य हो कि अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा भारत एवं नेपाल के माहेश्वरी समाज का सर्वोच्च संगठन है, जो प्रदेश, जिला एवं स्थानीय संगठनों के माध्यम से सेवा कार्य एवं समाजहित की योजनाओं का संचालन करता है।
प्रदेश अध्यक्ष नंदकिशोर राठी ने कहा कि रायपुर के नारायण राठी का इस पद पर निर्वाचन रायपुर एवं छत्तीसगढ़ के 2500 माहेश्वरी परिवारों के लिए गौरव की बात है।
यह अभिनंदन समारोह गृह नगर एवं गृह संगठन द्वारा आयोजित प्रथम स्वागत आयोजन था। समारोह में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुरेश मुंधड़ा, जिला अध्यक्ष उमेश राठी, संपत काबरा,कल्पना राठी सहित बड़ी संख्या में माहेश्वरी समाज के बंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सचिव आलोक बागड़ी ने आभार व्यक्त किया।
