– कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रजपुरी कला में छात्राओं से किया आत्मीय संवाद, रचनात्मक प्रतिभा की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
– 11वीं एवं 12वीं के बच्चों को जेईई और नीट की कोचिंग से जोड़ने की व्यवस्था करने अधिकारियों को दिए निर्देश
– विभिन्न संस्थानों, निर्माण एवं विकास कार्यों का किया अवलोकन, समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने दिए निर्देश
– लखनपुर में आयोजित दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय आंकलन शिविर का निरीक्षण कर समय पर प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
अंबिकापुर, कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव के साथ विकासखंड अम्बिकापुर, आकांक्षी विकासखंड लखनपुर तथा विकासखंड उदयपुर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण सहित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रजपुरी कला पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, बच्चों की रुचि के अनुसार कैरियर गाइडेंस करने दिए निर्देश –
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वसंत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय रजपुरी कला पहुंचे। उन्होंने विद्यालय में होने वाली सभी गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने मधुबनी आर्ट द्वारा बनाई गई साड़ी, टेबल क्लॉथ सहित अन्य सामग्रियां देखीं। इसके साथ ही मिट्टी की ज्वेलरी, धान की ज्वेलरी, अनाज की ज्वेलरी, लिप्पन आर्ट, मंडला आर्ट, वेस्ट मटेरियल आर्ट से बनी हुई सामग्री का भी अवलोकन कर प्रशंसा की तथा बच्चों को प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और उनकी रुचि की सराहना करते हुए आगे भी रुचि अनुसार कैरियर गाइडेंस देने तथा आर्ट विभाग में बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए जिला मिशन समन्वयक एवं अधीक्षिका को निर्देशित किया। कलेक्टर द्वारा छात्राओं की कक्षा में निरीक्षण के दौरान बच्चों के रहन-सहन, खान-पान की व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्या एवं जरुरतों को जाना तथा परिश्रम कर अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने हेतु मार्गदर्शित किया।
कलेक्टर श्री वसंत द्वारा 11वीं एवं 12वीं के बच्चों के लिए जेईई और नीट की कोचिंग से जोड़ने की व्यवस्था करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने लखनपुर बीईओ को मध्यान्ह भोजन के सतत निरीक्षण कर गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने कहा। छात्रावास परिसर में बच्चों के खेल हेतु बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य सुविधाओं पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए इनकी व्यवस्था करने हेतु जनपद पंचायत सीईओ को निर्देशित किया गया।
लखनपुर में दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय आंकलन शिविर का निरीक्षण कर दिए समय पर प्रमाण पत्र और सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश-
लखनपुर में दिव्यांग बच्चों के लिए विकासखंड स्तरीय आंकलन शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री वसंत ने दौरे के दौरान शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शत प्रतिशत बच्चों का आंकलन करते हुए पात्र बच्चों को समय से प्रमाण पत्र एवं उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शासकीय रोपणी का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था-
कलेक्टर श्री वसंत ने इस दौरान अम्बिकापुर में शासकीय उद्यान रोपणी का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय उद्यान रोपणी में उद्यान अधीक्षक से लगाए गए पौधों और पौधे विकसित किए जाने की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने यहां वेजिटेबल सीडलिंग यूनिट में सीडलिंग पौध उत्पादन, ग्राफ्टेड टमाटर, भाटा, मिर्च उत्पादन का अवलोकन किया। वहीं फलदार वृक्षों के बीच छायादार खाली जमीन का सदुपयोग हल्दी बीजोत्पादन, वर्मी कंपोष्ट खाद उत्पादन इकाई, फल दार पौधों का कलमीकरण का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को पशु एवं असामाजिक तत्वों से नर्सरी को हो रही हानि को रोकने के लिए वाल फेंसिंग का कार्य आरईएस विभाग से प्राक्कलन लेकर प्रस्तुत करने कहा। अधिकारियों द्वारा ट्रैक्टर एवं गार्डन हेतु अन्य आवश्यक उपकरण की मांग की गई। उन्होंने उद्यान की साफ-सफाई रखने, अधिक पौधों का उत्पादन करने तथा उद्यानिकी फसल अधिक से अधिक लेने के निर्देश दिए।
मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का निरीक्षण कर देखी व्यवस्था-
कलेक्टर श्री वसंत ने इस दौरान दरिमा में शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां मछली बीज उत्पादन इकाई का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य एवं उपलब्धी तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को समय सीमा में मत्स्य बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
हाई स्कूल दावा में निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता का किया अवलोकन-
कलेक्टर वसंत ने हाई स्कूल दावा पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था एवं शिक्षा की गुणवत्ता का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, मध्यान्ह भोजन, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा कड़ी मेहनत कर आगे बढ़ने प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
गौधाम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा-
कलेक्टर ने उदयपुर जनपद में दावा ग्राम पंचायत में शासन के द्वारा गौधान योजना के तहत स्वीकृत स्थल गौधाम का अवलोकन कर अधिकारियों को व्यवस्थित और सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां सीसी रोड बनवाने तथा बोरवेल लगवाने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।कलेक्टर ने पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को गौधाम में पशुओं के टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान तथा स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विभिन्न संस्थानों, निर्माण एवं विकास कार्यों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश-
कलेक्टर ने उदयपुर में निर्माणाधीन हायर सेकेंडरी स्कूल का अवलोकन कर निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उदयपुर में निर्मित नवीन सहकारी बैंक भवन का अवलोकन कर उन्होंने बैंक को जल्द से जल्द उस नए भवन में शिफ्ट करने के लिए निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अपशिष्ट संग्रहण केंद्र में अपशिष्ट संग्रहण एवं प्रबंधन की व्यवस्था तथा महतारी सदन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम उदयपुर श्री रामराज सिंह, जनपद सीईओ तथा सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
