रायपुर। प्रदेश भाजपा की नव नियुक्त प्रभारी स्मृति ईरानी 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ रही है जिसे लेकर नेताओं से ज्यादा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसलिए कि उन्होने अपने आगमन से पहले स्पष्ट निर्देश दे रखा है कि स्वागत सत्कार में होर्डिंग्स बैनर पोस्टर न लगायें। वर्तमान और पूर्व सांसद विधायक से लेकर आम कार्यकर्ता से भी वे फीड बैक लेंगी। उक्त तेवर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों यानी मिशन 2028-29 की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह भी लगातार छत्तीसगढ दौरा कर रहे हैं। खुद का प्रचार प्रसार नहीं चाहिए पार्टी के लिए क्या किया,सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में क्या योगदान दिया अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करें।
जैसे कि पार्टी सूत्र बता रहे हैं दौरे के दौरान स्मृति ईरानी सांसदों और विधायकों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेंगी। संगठनात्मक सूत्रों के मुताबिक, इस समीक्षा के बाद प्रदेश के पूर्व सांसदों व विधायकों को आगामी रणनीतियों के तहत नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। इसका लक्ष्य आगामी विधानसभा-लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। महत्वपूर्ण निर्देश ये भी कि जिन कार्यकर्ताओं के भरोसे चुनाव जीतकर विधायक सांसद मंत्री बने हैं उन्हे पर्याप्त महत्व दें। उनकी बातें सुने और उनके कामों को प्राथमिकता दें। पार्टी नीत से हटकर काम करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हो सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर आपको पार्टी योजनाओं के साथ लगातार जुड़े रहना होगा। फील्ड पर उतरकर अभी से कार्य करें ताकि बचे ढाई साल के बाद जब जनता के बीच जायें तो जवाब देते बन सके।आरोप प्रत्यारोप,शिकवा शिकायत से परहेज करें। वैसे स्मृति ईरानी छत्तीसगढ़ के पार्टी नेताओं से पूर्व परिचित भी हैं। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छत्तीसगढ़ को मिलने से महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह है।
