फेक न्यूज से सतर्क रहें युवा, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने में निभाएं जिम्मेदारी
धमतरी, धमतरी शहर के नारायण राव मेघावाले शासकीय कन्या महाविद्यालय में आज विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक नागरिकता और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की शपथ ली।
कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शिक्षित, जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्र के प्रति समर्पित होगा। युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति भी हैं। देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और विकास की गति को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की जागरूकता, सहभागिता, संवैधानिक मूल्यों के सम्मान और अपने कर्तव्यों के निर्वहन से मजबूत होता है।
सांसद श्रीमती चौधरी ने युवाओं को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक खबरों और फेक न्यूज से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी सूचना को बिना सत्यापन के आगे साझा नहीं करना चाहिए। सूचना की सत्यता जांचना एक जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि युवाओं को जाति, धर्म, क्षेत्र अथवा किसी अन्य पूर्वाग्रह से प्रभावित हुए बिना अपने विवेक और राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने, अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
लोकतंत्र की मजबूती जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों से -महापौर रामू रोहरा
नगर निगम के महापौर श्री रामू रोहरा ने विद्यार्थियों के सवालों और जिज्ञासाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जागरूक नागरिकों में निहित है। युवाओं को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और संवैधानिक प्रावधानों की जानकारी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल किसी विषय पर अपनी राय बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि तथ्यों और संवैधानिक दृष्टिकोण के आधार पर उसका विश्लेषण भी करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि प्रश्न पूछना, जिज्ञासा रखना और तर्कपूर्ण संवाद करना एक जीवंत लोकतंत्र की पहचान है। युवा अपनी शिक्षा, नवाचार, सामाजिक सहभागिता और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार के माध्यम से देश को नई दिशा दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया, इसके विरोध, एक राष्ट्र-एक चुनाव की अवधारणा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछे। महापौर श्री रोहरा ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विभिन्न विषयों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू निषाद और पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने युवाओ को सम्बोधित करते हुए कहा कि युवा देश कि ताकत है, भ्रामक विचार फैलाने वालो से सतर्क रहे और अपनी ऊर्जा का उपयोग देश हित में उपयोग करने कि बात कही ।इस दौरान उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया उद्देश्य और इसके लाभ कि भी जानकारी पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में अतिथियो को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया. इस अवसर पर एक देश एक चुनाव विषय पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमे धमतरी, नगरी, कुरुद, भखारा, आमदी, मगरलोड सहित अन्य महाविद्यालय के लगभग 30 विद्याथियो ने एक देश एक चुनाव पर अपनी विचार साझा किये. जिन्हे अंत में सम्मानित किया गया. इस दौरान जिले में खेल, कौशल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को प्रमाण पत्र भी अतिथियों द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के अलावा जिला पंचायत सदस्य श्रीमती धनेश्वरी साहू, जनपद सदस्य अनीता यादव, एसडीएम डॉ कल्पना ध्रुव, जिला अधिकारी माय भारत श्रीमती श्रुति डोंगरे प्राचार्य गर्ल्स कॉलेज जे एल पाटले के अलावा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी, महाविद्यालय के विद्यार्थी, प्राध्यापक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
