‘राम आएंगे’ भजन से देशभर में लोकप्रिय हुईं स्वस्ति मेहुल, 24 नवंबर को बिलासपुर में डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बिखेरेंगी भक्ति संगीत की छटा
डिप्टी सीएम अरुण साव के जन्मदिन को खास बनाने बिलासपुर पहुंचेंगी स्वस्ति मेहुल, भजन संध्या में रामभक्ति के गीतों से गूंजेगा पुलिस परेड ग्राउंड
रायपुर/बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर 24 नवंबर को बिलासपुर में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित इस संगीतमय संध्या में देश की प्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री स्वस्ति मेहुल अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण बनाएंगी।
‘राम आएंगे’ भजन से देशभर में लोकप्रियता हासिल करने वाली स्वस्ति मेहुल आज भक्ति संगीत की एक चर्चित आवाज हैं। उनके भजन मंदिरों से लेकर घरों तक श्रद्धा और भक्ति के साथ सुने जाते हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके गीत को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया था। ‘श्यामा आन बसो’, ‘अधरम मधुरम’, ‘ओ कान्हा अब तो मुरली की’ और ‘अरे द्वारपालों’ जैसे उनके अनेक लोकप्रिय भजन श्रोताओं के मन में विशेष स्थान रखते हैं।
इस भजन संध्या को लेकर स्वस्ति मेहुल ने प्रदेशवासियों के नाम विशेष आमंत्रण दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के ननिहाल और मां महामाया की पावन नगरी बिलासपुर में 24 नवंबर का दिन बेहद खास होने जा रहा है। यह अवसर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री, लोरमी के लोकप्रिय विधायक और सभी के प्रिय अरुण साव के जन्मदिवस का है। उनकी जन्मदिन की पूर्व संध्या को यादगार बनाने के लिए हम सभी संगीत, भक्ति और उत्साह के साथ एकत्रित होंगे। उन्होंने बिलासपुर सहित आस-पास के सभी लोगों से इस भजन संध्या में शामिल होने का आग्रह कर कहा कि, भजनों की मधुर धुनों और प्रभु श्रीराम के जयकारों के बीच इस विशेष अवसर को यादगार बनाएं।
