भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को इस्पात नगरी खुर्सीपार भिलाई में कुल 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में अकेले भिलाई नगर निगम के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले नागरिकों के रिटेंशन आवास के किराए में हुई 24 गुना बढ़ोतरी को लेकर सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा के बाद अधिकारियों से बात की गई। इसके बाद मासिक किराया वृद्धि को कम कर 6 रुपये करने का निर्णय लिया गया, जिससे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
वहीं मुख्यमंत्री साय ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3,000 निवेशकों को कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए दो प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों की घोषणा की। इनमें कुरुद-जुनवानी कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये तथा जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग व कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये शामिल हैं। इसके अलावा भिलाई नगर में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने बीते तीन वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन 1,600 आवास बनाए जा रहे हैं, जबकि शहरी विकास के तहत तीन वर्षों में 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जा रहे हैं और अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की जा चुकी है। साथ ही रामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने भिलाई से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि इस्पात राज्यमंत्री रहते हुए भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में उनका लगातार संवाद और सहयोग रहा है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में गांवों और शहरों का तेज गति से विकास हुआ है। छत्तीसगढ़ के सामने माओवादी हिंसा की बड़ी चुनौती थी, जिससे अब प्रदेश मुक्त हो चुका है और यह बड़ा बदलाव बीते तीन साल में आया है। राज्य में निवेश, उद्योग और राष्ट्रीय स्तर के संस्थान आने से आने वाले समय में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा, जिसमें भिलाई की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को हर साल राष्ट्रीय पुरस्कार मिल रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजस्व विभाग के अंतर्गत यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के 3,000 निवेशकों को बटन दबाकर कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की। इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया:
• आवास एवं स्वनिधि: नगर निगम भिलाई के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के 8 हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया।
• बिजली एवं स्वास्थ्य: सीएसपीडीसीएल की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और स्वास्थ्य विभाग की आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड दिए गए।
• श्रमिक एवं महिला कोष: मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक तथा 7 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण के चेक प्रदान किए गए।
• मत्स्य एवं पट्टा वितरण: मत्स्य विभाग की ओर से आइस बॉक्स व नाव-जाल वितरित किए गए और पट्टाधृति योजना के तहत 10 हितग्राहियों को पट्टे दिए गए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व मंत्री रमशीला साहू, महापौर नीरज पाल, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, राकेश पांडे और भोजराम सिन्हा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
