नई दिल्ली. आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2021-23 के खिताबी मुकाबले के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खिताबी टेस्ट मैच 7 जून से लंदन के द ओवल मैदान पर खेला जाना है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल से कुछ दिन पहले ही एडिडास का भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से करार हुआ है और वह टीम इंडिया के लिए नया किट स्पॉन्सर बना है। ऐसे में डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम एडिडास की जर्सी पहनकर खेलने उतरेगी। इस जर्सी में टीम इंडिया के खिलाड़ियों का फोटोशूट भी हुआ। डब्ल्यूटीसी फाइनल जर्सी काफी कूल दिख रही है। इस फोटोशूट की वैसे तो कई तस्वीरें 5 जून को ही शेयर हो गईं, लेकिन इस पूरे फोटोशूट का एक वीडियो है, जो आईसीसी ने आज शेयर किया है।
बिहाइंड द सीन्स वीडियो में आप देख सकते हैं कि भारतीय क्रिकेटर फोटोशूट के दौरान किस तरह से मस्ती मजाक करते हैं। इस दौरान रोहित शर्मा और रविंद्र जडेजा के बीच मजेदार बैंटर देखने को मिला, जबकि ईशान किशन और शुभमन गिल की जोड़ी ने तो कमाल ही कर दिया।
गिल और ईशान काफी पुराने दोस्त हैं। दोनों के काफी क्रिकेट साथ में खेली है। बिहाइंड द सीन्स वीडियो में ईशान ने गिल के मजे लिए हैं। कभी बैट से उनको पीछे मारा, तो कभी चिल्लाकर कहा कि फाड़ ना कपड़े… डब्ल्यूटीसी में कप्तान रोहित के साथ गिल का पारी का आगाज करना तय नजर आ रहा है। भारत लगातार दूसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में पहुंचा है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारत के साथ जगह बनाई थी और खिताबी मुकाबला जीता था।
